छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी को मिलेगा नया विस्तार, 31 अगस्त को नवा रायपुर में रोड शो

Nava Raipur Road Show, Vishnu Dev Sai, Tokhan Sahu, Satish Chandra Dubey, Auction of Critical and Strategic Mineral Blocks, Graphite, Rare Earth Elements, Rare Metals, Vanadium, Gallium, Titanium, Molybdenum and Tungsten, Chhattisgarh, Khabargali

रायपुर (खबरगली ) छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज संसाधनों के अन्वेषण, नीलामी और खनन को बढ़ावा देने के लिए 31 अगस्त 2026 को नवा रायपुर में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर रोड शो आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से मेफेयर लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और कोयला एवं खान मंत्रालय के राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे। 31 अगस्त को नवा रायपुर में होगा मिनरल ऑक्शन रोड शो रोड शो का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के क्षेत्र में निवेश, अन्वेषण और निजी भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में खनिज ब्लॉक्स की नीलामी, निवेश की संभावनाओं और खनन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।

20 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक्स नीलामी के लिए शामिल

केंद्र सरकार ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की 8वीं किश्त में कुल 20 खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए शामिल किया है। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन सहित कई महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इन खनिजों की उपलब्धता बढ़ाना देश की खनिज सुरक्षा और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत ये मंत्री होंगे शामिल

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे पंजीयन और चाय के साथ होगी। दोपहर 12 बजे मुख्य अतिथियों के आगमन के बाद दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान होगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ शासन के खनिज संसाधन विभाग के सचिव स्वागत उद्बोधन देंगे। खान मंत्रालय के संयुक्त सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव और सीएमडीसी के अध्यक्ष भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का होगा शुभारंभ

कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए होगा एमओयू रोड शो के दौरान संचालक, भूविज्ञान एवं खनन विभाग की ओर से खनिज क्षेत्र से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इस अवसर पर टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं, कोरन्डम कटिंग-पॉलिशिंग के प्रशिक्षण के लिए पीटीआरएसयू के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन भी प्रस्तावित है। इसके अलावा तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

तकनीकी सत्र में मिनरल ऑक्शन प्रक्रिया पर होगी चर्चा

दोपहर 2 बजे से रोड शो का तकनीकी सत्र शुरू होगा। इसमें एमईसीएल की ओर से ट्रेंच-VIII के तहत नीलामी के लिए रखे गए खनिज ब्लॉक्स पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा।

SBI CAPS और MSTC देंगे नीलामी प्रक्रिया की जानकारी

SBI CAPS की ओर से मिनरल ऑक्शन प्रोसेस और टेंडर डॉक्यूमेंट से संबंधित जानकारी दी जाएगी। वहीं MSTC की ओर से मिनरल ई-ऑक्शन प्रक्रिया की जानकारी साझा की जाएगी। इसके साथ ही कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से संबंधित NMEDT योजना पर भी प्रस्तुतीकरण होगा। तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन होगा। इसमें खनिज ब्लॉक्स की संभावनाओं, नीलामी प्रक्रिया, निवेश के अवसर और खनन क्षेत्र में निजी भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

नीलाम किए गए खनिज ब्लॉक्स के संचालन की होगी समीक्षा

रोड शो के बाद मेफेयर लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें पहले से नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और संचालन की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है।

छत्तीसगढ़ में खनिज निवेश को मिलेगा बढ़ावा

रोड शो और समीक्षा बैठक के जरिए केंद्र एवं राज्य सरकार, उद्योग जगत और अन्य हितधारकों के बीच समन्वय को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल से छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण और खनन को गति मिलने के साथ खनिज क्षेत्र में निवेश के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है। साथ ही देश की खनिज सुरक्षा के लिए जरूरी महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के प्रभावी दोहन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Category

Other News