रायपुर (खबरगली) मोवा स्थित बालाजी कैंसर अस्पताल ने 5 साल के बच्चे का टोटल बॉडी इर्रेडिएशन (टीबीआई) तकनीक से एलोजेनिक बोन मेरो ट्रांसप्लांट कर इतिहास रच दिया है। बच्चा वेरी सीवियर एप्लास्टिक एनीमिया (वीएसएए) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित था। ये प्रदेश के किसी मेडिकल कॉलेज में हुआ पहला बोन मैरो ट्रांसप्लांट है। टीबीआई तकनीक का इस्तेमाल भी पहली बार किया गया। बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में अस्पताल के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक ने बताया कि ट्रांसप्लांट के समय बच्चे की हालत बेहद गंभीर थी।
श्वेत रक्त कोशिकाओं का स्तर बेहद कम था
ऑपरेशन के समय बच्चे को न्यूट्रोपेनिक कोलाइटिस और निमोनिया था। शरीर में संक्रमण से लड़ने वाली श्वेत रक्त कोशिकाओं का स्तर बेहद कम था। बच्चे का टीएलसी महज 300 प्रति माइक्रोलीटर थी (नार्मल रेंज 4000 -11000)। संक्रमण और अन्य जटिलताओं को संभालते हुए पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। इस ट्रांसप्लांट प्रक्रिया में दिल्ली के डॉ. दिनेश भुरानी एवं डॉ. रोहन तथा सीएमसी वेल्लोर के डॉ. बिजू जॉर्ज का भी सहयाेग रहा।
क्या है टीबीआई तकनीक
टीबीआई एक विशेष रेडिएशन तकनीक है, जिसमें बोन मेरो ट्रांसप्लांट से पहले मरीज के पूरे शरीर को नियंत्रित मात्रा में रेडिएशन दिया जाता है। इसका उद्देश्य मरीज की प्रतिरक्षा प्रणाली को दबाना और डोनर की स्वस्थ स्टेम सेल्स को शरीर में स्थापित होने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। इस सफलता में अस्पताल के हिमेटोलॉजिस्ट एवं बोन मेरो ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. अंबर गर्ग के साथ पीडियाट्रिशियन डॉ. निकिता पटेल, पीडियाट्रिक्स के एचओडी डॉ. बीएन राव का योगदान रहा। डॉ. गर्ग ने बताया कि चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक व मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक ने आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया। इससे आपातकालीन स्थिति में बिना देरी के ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू करना संभव हुआ। भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
- Log in to post comments
