रायपुर (खबरगली) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्ता, कौशल और रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने मंत्रालय में उच्च शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें आधुनिक प्रायोगिकशालाएं, उन्नत पुस्तकालय व स्मार्ट कक्ष जैसी सुविधाएं विकसित होंगी, जिसके लिए वर्तमान बजट में प्रति महाविद्यालय तीन करोड़ रुपए का प्रावधान है।
प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपए प्रस्तावित
आगामी दो वर्षों में डिजिटलीकरण और निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। लगभग 1.40 लाख स्नातक विद्यार्थियों को अनिवार्य इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी है। उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए गूगल फॉर एजुकेशन के साथ समझौता किया गया है। प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में 1295 शैक्षणिक एवं अन्य पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
- Log in to post comments
