रायपुर (खबरगली ) राजधानी के थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत कटोरा तालाब में बीती रात दहशत का माहौल बन गया। 25 फरवरी की रात लगभग 10:00 बजे एक महिला द्वारा संचालित ब्यूटी पार्लर एवं स्पा में दो अज्ञात युवकों ने जमकर उत्पात मचाया।
क्या है पूरा मामला?
दुकान बंद होने के वक्त दो आरोपी वहां पहुंचे और स्पा कराने की जिद करने लगे। संचालिका ने जब यह कहते हुए मना किया कि स्टाफ घर जा चुका है और दुकान बंद हो गई है, तो शराब के नशे में धुत आरोपियों ने बहस शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि एक आरोपी ने अपने पास रखे लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
आज दोपहर संचालिका द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराते ही सिविल लाइन पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस टीम ने महज 2 घंटे के भीतर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त एक नग पिस्टल और एक नग एयर गन बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष): निवासी प्रतापगढ़, यूपी (पेशे से प्राइवेट पीएसओ)।
अंगद सिंह (33 वर्ष): निवासी मोवा, रायपुर (पेशे से ड्राइवर)। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
- Log in to post comments