जोगी कांग्रेस व बसपा ने भी दिया द्रौपदी मुर्मू को समर्थन
रायपुर (khabargali) भारतीय जनता पार्टी नीत एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज रायपुर पहुंची हैं। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया बीजेपी नेताओं ने उनकी अगवानी की। बीजेपी के कई बड़े नेता रायपुर एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। जिनमें प्रमुख रूप से पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह,प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक,केन्द्रीय मंत्री रेेणुका सिंह,नंदकुमार साय,बृजमोहन अग्रवाल,सुनील सोनी,अरूण साव सहित अन्य शामिल थे। बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता भी पहुंचे। भाजपा की कई महिला नेत्री छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेषभूषा पहनकर उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर पहुंची थी। आदिवासी समाज की महिलाओं में काफी उत्साह दिखा।
इसके बाद श्रीमती द्रौपदी मुर्मू रानी दुर्गावती प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे वीआइपी रोड स्थित एक निजी होटल के लिए रवाना हुई, जहां छत्तीसगढ़ के सांसदों तथा विधायकों से मुलाकात किया।
श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से मिलने जनता कांग्रेस की सुप्रीमो रेणु जोगी अपने बेटे अमित के साथ वीआईपी रोड स्थित एक निजी होटल पहुंची और अपनी पार्टी विधायकों का समर्थन देने की घोषणा की। वहीं बसपा विधायक केशव चंद्रा और इंदु बंजारे ने भी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन दे दिया। यहां बताना जरूरी होगा कि बसपा प्रमुख सुश्री मायावती ने पूरे देश भर में बसपा की ओर से समर्थन देने का ऐलान पहले ही कर दिया है।बताया जा रहा है कि बैठक के बाद द्रोपदी मुर्मू समाजिक प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी। इस मुलाकात के बाद श्रीमती द्रौपदी मुर्मू भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगी।
मुर्मू को जनजातीय अस्मिता का प्रतीक बताया
भाजपा नेताओं ने उन्हें जनजातीय अस्मिता का प्रतीक बताया और सभी विधायकों से उनके पक्ष में वोट करने की अपील की है। भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता नंद कुमार साय ने कहा कि प्रतिभा पाटिल भारत की पहली महिला राष्ट्रपति थीं, जबकि द्रौपदी मुर्मू अनुसूचित जनजाति समुदाय की पहली महिला होंगी जो सर्वोच्च पद पर आसीन होंगी। उन्होंने आदिवासी बहुल राज्य के सांसदों से द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन करने की अपील की। आदिवासियों की छत्तीसगढ़ की आबादी का 32 प्रतिशत है।
प्रदेश में सांसद-विधायकों की दलीय स्थिति
छत्तीसगढ़ के 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 71 विधायक हैं। वहीं लोकसभा में 2 और राज्यसभा में 4 सांसद हैं। 2 सांसदों राजीव शुक्ला व रंजीत रंजन अभी हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। UPA उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को छत्तीसगढ़ से अच्छी लीड मिलने की संभावना है। वहीं भाजपा के पास 14 विधायक, 9 लोकसभा सांसद और 1 राज्यसभा सांसद हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जेसीसीजे) के 3 और बहुजन समाज पार्टी के 2 विधायक हैं। बसपा व जेसीसीजे ने NDA प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान किया है। ऐसे में 19 विधायक और 10 सांसदों के वोट एनडीए प्रत्याशी को मिलेंगे। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य ओडिशा की निवासी हैं और वे पड़ोसी राज्य झारखंड में लंबे समय तक राज्यपाल भी रहीं।
- Log in to post comments