सेंट्रल जेल में बंद निलंबित IPS जीपी सिंह टीवी देखने वॉच टावर पर चढ़े

Suspended IPS GP Singh, Chhattisgarh, assets disproportionate, sedition charges, Raipur, lodged in Central Jail, VIP treatment, Watch Tower, TV, Khabargali

तीन निलंबित..सीसीटीवी से हुआ खुलासा

रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ के सेंट्रल जेल से ऐसा मामला पहली बार सामने आया है कि किसी कैदी को प्रतिबंधित क्षेत्र वाले वॉच टावर पर इसलिए चढ़ा दिया गया क्योंकि कैदी ने टीवी देखने की इच्छा जाहिर की थी। आय से अधिक संपत्ति व राजद्रोह के आरोप में रायपुर के केंद्रीय जेल में बंद निलंबित आईपीएस जीपी सिंह को वीआईपी ट्रीटमेंट देने का खुलासा हुआ है। जेल प्रशासन ने सेल इंचार्ज, ड्यटी इंचार्ज सहित एक प्रहरी को निलंबित कर दिया है। जेल कर्मियों ने टीवी पर पंजाब चुनाव का परिणाम दिखाने निलंबित एडीजी जीपी सिंह को वॉच टॉवर पर चढ़ा दिया था। इसकी जानकारी सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा।

दरअसल, उत्तर प्रदेश, पंजाब सहित पांच राज्यों का विधानसभा चुनाव परिणाम 11 मार्च को आना था। निलंबित आईपीएस जीपी सिंह ने टीवी पर चुनाव परिणाम देखने की इच्छा जाहिर की थी। दोपहर को जेल कर्मियों ने जीपी सिंह को बैरक के नजदीक स्थित वॉच टावर तक पहुंचा दिया। तीन मंजिला वॉच टॉवर की दूसरी मंजिल पर प्रहरियों के आराम करने की व्यवस्था है। वहां टीवी भी लगा हुआ है। जीपी सिंह ने करीब आधे घंटे तक कमरे में बैठकर टीवी देखा। उसके बाद वह वापस अपने बैरक में आ गए। इस दौरान जेल में अफसर नहीं थे। सीसीटीवी में पूरा घटनाक्रम कैद हो गया जेल के अधिकारियों को इसकी भनक उस दिन नहीं लगी, लेकिन दूसरे दिन मामला खुलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जांच कराई गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तब पूरा मामला सामने आ गया। जेल प्रशासन ने केशव सिंह, मंगल सिंह और फिरतराम यादव को निलंबित कर दिया गया है।

अफसरों के मुताबिक सेंट्रल जेल परिसर के भीतर चारों किनारों पर टावर लगे हैं। जहां जेल प्रहरी चौबीस घंटे ड्यूटी पर रहते हैं। यह क्षेत्र बंदियों के लिए प्रतिबंधित है। इसके बाद भी जीपी सिंह को उनके कहने पर टावर में चढ़ाया गया।

आय से अधिक संपत्ति व राजद्रोह का केस

बता दें कि एक समय राज्य के पावरफूल आईपीएस रहे जीपी सिंह को हरियाणा के गुरूग्राम से गिरफ्तार किया गया है। जीपी सिंह अभी सस्पेंड चल रहे हैं। छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के चीफ रह चुके IPS जीपी सिंह पर राजद्रोह और आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज है। 1 जुलाई 2021 को एसीबी की टीम ने उनके 15 ठिकानों पर छापेमारी कर 10 करोड़ रुपये के अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा किया था। राजद्रोह व आय से अधिक संपत्ति के बाद जीपी सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

Category