वीजा समाप्त होने से पहले वापस लौटने पर मजबूर हुए 104 पाकिस्तानी, 29 भारतीय भी आए

104 Pakistanis were forced to return before their visas expired, 29 Indians also came, Attari border, Khabargali

अटारी बॉर्डर में बिना गेट खोले हुई रिट्रीट सेरेमनी बीएसएफ जवानों ने अपना गुस्सा जाहिर किया

अमृतसर (खबरगली) पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों की तरफ से निर्दोष सैलानियों की हत्या किए जाने के विरोध में केंद्र सरकार की तरफ से आदेश अनुसार अटारी बॉर्डर पर कस्टम विभाग ने पैसेंजर टर्मिनल को बंद कर दिया है। वहीं दोनों तरफ के यात्रियों का पलायन शुरू हो गया है, जो पाकिस्तानी यात्री भारत में आए हुए थे। उन्होंने वापस जाना शुरू कर दिया है और जो भारतीय यात्री पाकिस्तान गए हुए थे, वे भी लगातार वापस आ रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सरकार एक्शन में आ गई है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की ओर से पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के अंदर वापस जाने के आदेश दिए थे। भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों का लौटना शुरू हो गया है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे से ही अटारी बॉर्डर पर पाकिस्तानी नागरिक पहुंचने शुरू हो गए। उन सभी नागरिकों के दस्तावेज चेक करने के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने उन्हें बॉर्डर क्रॉस करवा दिया गया। शाम करीब पांच बजे तक 104 पाकिस्तानी नागरिक अपने देश लौट गए। इसी तरह 29 भारतीय पाकिस्तान से भारत लौटे। दोनों देशों के हजारों लोग वीजा लेकर गए थे। अटारी सीमा पर अब दोनों देश को लोग इधर से उघर जाएंगे। हालंकि पाकिस्तान लोटे लोगों ने आंतकी हमले की कड़ी निंदा की और उन्होने अमन चैन से रहने की इच्छा जताई।

बिना गेट खोले हुई रिट्रीट सेरेमनी

 रोजाना की तरह वाघा बॉर्डर पर बीएसएफ ने रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया, लेकिन इस दौरान गेट बंद रखे गए। दोपहर तक सेरेमनी में पहुंचने वाले पर्यटकों को वापस भेजा जा रहा था लेकिन बाद में आदेश जारी कर बॉर्डर तक पहुंचे पर्यटकों को सेरेमनी की परमिशन दे दी गई। आम तौर पर रोजाना 25 हजार से ज्यादा पर्यटक सेरेमनी देखने आते हैं, लेकिन वीरवार को यह संख्या केवल तीन से चार हजार थी।

बॉर्डर बंद होने से व्यापार होगा प्रभावित

सरकार ने आईसीपी को भी बंद करने के आदेश जारी किए हैं। भारत का अफगानिस्तान के साथ व्यापार होता है। इसके लिए ट्रक वाया पाकिस्तान आते हैं। फिलहाल जो ट्रक आईसीपी पर पहुंच गए हैंं, उन्हें आने दिया जा रहा है। मगर आने वाले दिनों में यह पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। जिससे स्थानीय व्यापारियों को काफी ज्यादा घाटा होगा। ऐसे में अब व्यापारियों को किसी अन्य मार्ग से अफगानिस्तान से माल मंगवाना होगा, जिससे कीमत बढ़ने की संभावना है।

हुसैनीवाला व सादकी बॉर्डर पर हुई रिट्रीट सेरेमनी

 फिरोजपुर के हुसैनीवाला बॉर्डर और फाजिल्का के सादकी बॉर्डर पर वीरवार को बीएसएफ और पाकिस्तान रेंजर्स के बीच रिट्रीट सेरेमनी हुई। पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर रिट्रीट सेरेमनी में बीएसएफ जवानों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। परेड में लोग काम आए थे। क्योंकि सोशल मीडिया पर यह खबरें चल रही थी कि रिट्रीट सेरेमनी नहीं होगी। जितने भी लोग पहुंचे उन्होंने दोनों देशों के बीच होने वाली रिट्रीट सेरेमनी देखी। बीएसएफ ने काफी सख्ती की हुई थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए थे।

जम्मू-कश्मीर में विजिटर वीजा पर आई चार महिलाओं को वापस पाकिस्तान भेज दिया गया

 जम्मू-कश्मीर में विजिटर वीजा पर आई पांच पाकिस्तानी महिलाओं में से चार को गुरुवार को बुलंदशहर से वापस पाकिस्तान भेज दिया गया। इस दौरान सभी महिलाएं रोती हुई नजर आईं। पाकिस्तान से आई पांचों महिलाएं अपने रिश्तेदारों के यहां आई थीं। एलआईयू की टीम ने रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की है। सरकार द्वारा वापस न लौटने पर संबंधितों को वीजा कैंसिल करने के आदेश दिए गए थे। उसी के मद्देनजर इन महिलाओं को पाकिस्तान भेजा गया है।