वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री भाजपा में शामिल

Senior Congress leader joins BJP, Sarla Tiwari, Chhattisgarh, Khabargali

जगदलपुर (khabargali) लोकसभा चुनाव से पहले बस्तर में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव व संगठन की जगदलपुर शहर अध्यक्ष सरला तिवारी कांग्रेस से त्यागपत्र देकर रविवार को भाजपा में शामिल हो गईं। दोपहर में भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय विधायक किरण सिंह देव के समक्ष उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने पार्टी का गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया। सरला तिवारी बस्तर में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रही हैं। पिछले 30 सालों से वह कांग्रेस में थीं। संगठन के कई पदों पर उन्होंने काम किया। भाजपा में शामिल होने से एक घंटा पहले उन्होंने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की सदस्यता से अपना त्यागपत्र महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम को भेजकर इसकी सूचना पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, महामंत्री मलकीत सिंह गैदू व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य को दे दी थी। भाजपा प्रवेश के अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता व वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व जिला अध्यक्ष विद्याशरण तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री रामाश्रय सिंह एवं पार्टी के कुछ अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Category