बिलासपुर (खबरगली) कोनी स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पोल्ट्री फार्म के 1 किलोमीटर दायरे को इन्फेक्टेड जोन और 1 से 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलेंस जोन घोषित किया गया है। यह प्रतिबंध आगामी 3 माह या अगले आदेश तक लागू रहेगा।
भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि के बाद यह निर्णय लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन्फेक्टेड जोन से किसी भी प्रकार के पोल्ट्री उत्पादों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वहीं सर्विलेंस जोन में मुर्गा, अंडा सहित सभी पोल्ट्री उत्पादों की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी पर भी रोक लगा दी गई है।
देखकर खाएं मुर्गी, कंट्रोल रूम सक्रिय
सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही आपात स्थिति के लिए जिला कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। नागरिक संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. जी.एस.एस. तंवर (मो. 8827817931) और डॉ. वीरेंद्र पिल्ले (मो. 9406158769) से संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, पशुओं में संक्रामक एवं सांसर्गिक रोग नियंत्रण अधिनियम 2009 सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
- Log in to post comments