बलौदाबाजार आगजनी मामले में बड़ी कार्रवाई... विधायक देवेंद्र यादव गिरफ्तार

MLA Devendra Yadav arrested in Balodabazar arson case, Chhattisgarh, Khabargali

पुलिस के साथ विधायक के समर्थकों की धक्का मुक्की भी हुई

भिलाईनगर (khabargali) बलौदाबाजार में 10 जून को प्रशासनिक भवनों में आगजनी व तोड़फोड़ के मामले में आखिरकार कांग्रेस के भिलाईनगर विधायक देवेन्द्र यादव को शनिवार की शाम को बलौदाबाजार पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। देवेन्द्र यादव के खिलाफ धारा 186, 353, 332, 307 व लोक संपति निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। अब तक इस मामले में 179 आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं

पुलिस का दावा - देवेन्द्र यादव ही असली सूत्रधार थे

MLA Devendra Yadav arrested in Balodabazar arson case, Chhattisgarh, Khabargali

 पुलिस ने दावा किया कि गत दस जून को बलौदाबाजार के प्रदर्शन स्थल दशहरा मैदान में समाज के प्रदर्शन के दौरान विधायक देवेंद्र यादव धरने पर बैठे थे। इस धरने के बाद सतनामी समाज के लोग रैली की शक्ल में नया बस स्टैंड होते हुए कलेक्टोरेट की तरफ निकले थे। इसी रैली के दौरान उपद्रव, आगजनी की घटना हुई थी।

पु्लिस को देवेन्द्र को अपने साथ ले जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी

MLA Devendra Yadav arrested in Balodabazar arson case, Chhattisgarh, Khabargali

विधायक श्री यादव को तीन बार नोटिस दिया जा चुका था। 22 जुलाई को विधायक श्री यादव ने बलौदाबाजार जाकर अपना बयान दर्ज कराया था। आज शनिवार सुबह 7 बजे पुलिस देवेंद्र यादव के घर पहुंच गई थीं, पुलिस को विधायक निवास के अंदर जाने से रोक दिया गया। अंतत: शाम करीब 6 बजे देवेंद्र यादव अपने निवास से अपने हाथ में संविधान की पुस्तक और श्वेत ध्वज पकड़कर बाहर निकले। उनके समर्थकों के विरोध के बीच विधायक को गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस उन्हें समर्थकों की भारी भीड़ के बीच से निकालते हुए बहुत मुश्किल से कार तक ले गई। पुलिस को विधायक समर्थकों का जबर्दस्त विरोध झेलना पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची थी। पुलिस के साथ उनके समर्थकों की धक्का मुक्की भी हो गई। गिरफ्तारी के दौरान विधायक ने हाथ में संविधान की पुस्तक व सतनामी समाज के श्वेत ध्वज लहराते हुए पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया।

MLA Devendra Yadav arrested in Balodabazar arson case, Chhattisgarh, Khabargali

सरकार से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे : यादव

विधायक श्री यादव ने अपनी गिरफ्तारी पर विरोध जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार डरी हुई है। उन्होंने सतनामी समाज के निर्दोष युवाओं के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया था। अगर सरकार को लगता है कि विधायक देवेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर हमारी आवाज को दबा सकती है, अपनी पीठ थपथपा सकती है तो वह तैयार है। हम संविधान को मानने वाले लोग हैं। हम आम आदमी के लिए निरंतर लड़ते रहेंगे। इस सरकार से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

राजनैतिक साजिश के तहत गिरफ्तारी: दीपक बैज

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि राजनैतिक साजिश के तहत विधायक देवेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया है। सभा में उपस्थित भाजपा के जिला अध्यक्ष सनम जागड़े,भाजपा जिला पंचायत सदस्य खुशबू बंजारे,सुरेन्द्र आडिल और अनेक भाजपा से कार्यकर्ताओं को आज तक पूछताछ के लिए नोटिस भी जारी नहीं किया गया है।

पुलिस के पास साक्ष्य तो होंगे ही तभी हुई गिरफ्तारी : गृहमंत्री विजय शर्मा

इधर विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी के मामले में जारी बयान में प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि विधायक तक अगर पुलिस पहुंची है तो साक्ष्य तो होंगे ही। जहां घटना हुई वहां के विधायक नहीं थे, बाहर के विधायक गए थे। सतनाम समाज के झंडे को लेकर प्रदर्शन करना गलत है। सफेद झंडा शांति का प्रतीक है। पुलिस अपना काम कर रही है और आगे भी करेगी।

Category