हनोई (खबरगली) दक्षिणी वियतनाम में एक द्वीप से वापस लौट रही एक नाव समंदर में पलट गई, इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट फू क्वोक द्वीप के निकट होन मे रुट न्गोआई द्वीप के पास पलट गई। अधिकारियों के अनुसार, नाव में 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे। यह नाव वियतनाम के सबसे बड़े द्वीप 'फू क्वोक' के पास स्थित 'होन मे रुट न्गोई' द्वीप से लगभग 400 मीटर की दूरी पर पलट गई।
21 लोगों को बचाया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, फु क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ, जब ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वह पलट गई।आसपास मौजूद कई पर्यटक नौकाएं तुरंत बचाव के लिए मौके पर पहुंचीं। एन थोई पोर्ट बॉर्डर गार्ड स्टेशन के अनुसार, हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। वहीं, बचाए गए 21 लोगों को आपात चिकित्सा उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है। बचाव अभियान के लिए बॉर्डर गार्ड स्टेशन ने 35 अधिकारियों और जवानों के साथ दो जहाज तैनात किए हैं। नौसेना और तटरक्षक बल भी राहत एवं बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं। फु क्वोक के पास स्थित मे रुट न्गोआई द्वीप कोरल रीफ डाइविंग के लिए प्रसिद्ध है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर 20 से 40 मिनट की स्पीडबोट या नाव यात्रा करते हैं।
जानें पर्यटकों को ले जा रही स्पीडबोट कहाँ पलटी?
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय समय के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब एक बजे ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की ओर से संचालित स्पीडबोट हॉन मे रट (Hon May Rut) नाम की जगह से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट (An Thoi Port) की ओर जा रही थी। फु क्वोक हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर दूर होन मे रट एन्ग्वाई (Hon May Rut Ngoai) नाम की जगह से करीब 400 मीटर दूर नाव पलट गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि नाव में सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए। थाईलैंड की खाड़ी में स्थित 'फू क्वोक' वियतनाम के सबसे लोकप्रिय बीच डेस्टिनेशन में से एक है। 'होन मे रुट' द्वीप 'फू क्वोक' से लगभग 10 किलोमीटर (छह मील) दक्षिण में है। ये द्वीप अपनी सफेद रेत वाले समुद्र तटों और साफ पानी के लिए जाने जाते हैं और हर साल लाखों घरेलू और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। हादसे की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका और मामले की जांच चल रही है।
भारतीय दूतावास का बयान
वियतनाम में भारतीय दूतावास ने शनिवार शाम को अपने बयान में कहा है कि एक दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। घटना की सटीक जानकारी का पता लगाया जा रहा है क्योंकि स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान जारी है। दूतावास ने कहा कि उसने प्रभावित परिवारों की मदद करने और जानकारी देने के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम बनाए हैं। प्रभावित परिवारों को जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए, हो ची मिन्ह सिटी में भारत के वाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। हनोई में भी एक और कंट्रोल रूम बनाया गया है।
- Log in to post comments