नई दिल्ली (खबरगली) दिल्ली के कई नामी-गिरामी स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। आज सुबह अलग-अलग स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद एहतियातन छात्रों और स्कूल स्टाफ को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूत्रों के मुताबिक धमकी भरे ई-मेल में संसद हमले के दोषी आतंकवादी अफजल गुरु का नाम लेते हुए हमले की मंशा जाहिर की गई है।
इसके अलावा ई-मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने जैसे भड़काऊ और आपत्तिजनक दावे भी किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अनुसार, साउथ दिल्ली के तीन स्कूलों समेत कुल नौ स्कूलों को बम हमले की धमकी वाले ई-मेल मिले हैं। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
- Log in to post comments