सब्जी की आड़ में अफीम का 'काला कारोबार: दुर्ग, बलरामपुर,तमनार के बाद अब लैलूंगा के नवीन घटगांव और मुड़ागांव में अफीम खेती का भंडाफोड़
रायपुर/रायगढ़ (खबरगली ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कड़े निर्देशों के बाद छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ जंग तेज हो गई है। दुर्ग, बलरामपुर और तमनार के बाद अब लैलूंगा क्षेत्र के नवीन घटगांव और मुड़ागांव में सब्जी की खेती की आड़ में अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने करोड़ों रुपये की फसल जब्त की है। रायगढ़ जिला प्रशासन ने ड्रोन सर्वे की मदद से इस अवैध कारोबार पर पैनी नजर रखते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
72 घंटे में ताबड़तोड़ कार्रवाई
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में प्रशासन ने पिछले 72 घंटों के भीतर बैक-टू-बैक बड़ी कार्रवाइयां की हैं। तमनार के आमाघाट से शुरू हुआ यह अभियान अब लैलूंगा विकासखंड तक पहुंच चुका है। इस अभियान के तहत खरसिया (14 ग्राम), घरघोड़ा (10 ग्राम), तमनार (12 ग्राम), लैलूंगा (4 ग्राम), मुकडेगा (3 ग्राम), रायगढ़ (11 ग्राम), पुसौर (13 ग्राम) एवं धरमजयगढ़ (7 ग्राम) में सफलतापूर्वक सर्वे किया गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
आधुनिक तकनीक का सहारा
अफीम की खेती को छिपाने के लिए अक्सर दुर्गम इलाकों का सहारा लिया जाता है, लेकिन इस बार प्रशासन ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल कर रहा है। जिले के सभी अनुविभागों में सघन निगरानी की जा रही है ताकि कहीं भी अवैध फसल को पनपने न दिया जाए। जिले भर में प्रशासन और पुलिस की टीमें अलर्ट मोड पर है ।
तमनार: रोटावेटर और जेसीबी से नष्ट की गई 2 करोड़ की फसल
बीते 19 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने तमनार के आमाघाट में छापेमारी की। यहाँ सब्जी के खेतों के बीच शातिराना तरीके से अफीम उगाई जा रही थी। टीम ने मौके से करीब 60,326 पौधे बरामद किए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए रोटावेटर और जेसीबी की मदद से पूरी फसल को रौंदकर खेत को समतल कर दिया। इस मामले में झारखंड निवासी मुख्य आरोपी मार्शल सांगा को हिरासत में लिया गया है। कार्रवाई में पुलिस, राजस्व, कृषि, आबकारी और एफएसएल (FSL) की संयुक्त टीम शामिल रही।
लैलूंगा: ड्रोन सर्वे से पकड़ा गया अवैध कारोबार
इसी कड़ी में 23 मार्च को प्रशासन ने लैलूंगा तहसील में फिजिकल और ड्रोन सर्वे के जरिए निगरानी की। ग्राम नवीन घटगांव में सादराम नाग नामक व्यक्ति के खेत में साग-भाजी के बीच अफीम के पौधे मिले, जिनमें फूल आ चुके थे। पुलिस ने तत्काल फसल जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया। इसी गांव के एक अन्य व्यक्ति अभिमन्यु नागवंशी के घर से भी अफीम की सूखी फसल बरामद हुई है। टीम के पहुँचते ही आरोपी साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था, जिसे नाकाम कर दिया गया। वहीं, मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी के घर से भी संदिग्ध फसल के अवशेष मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
नारकोटिक्स एक्ट के तहत होगी सख्त कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस नारकोटिक्स विभाग के विशेषज्ञों के संपर्क में है और लैब रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास इस तरह की कोई भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत सूचना दें ताकि नशे के इस जाल को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
- Log in to post comments