
खबरगली अलर्ट: जानें फ्रिज में ब्लास्ट होने के प्रमुख कारण
छुईखदान (खबरगली) छत्तीसगढ़ के छुईखदान इलाके के गांव भोरमपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव में एक धमाका हुआ, लोगों को पता चला कि, फ्रीज में धमाका हुआ है। मकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया है। आनन- फानन में घर के अन्य लोग एवं रिश्तेदार पडोसी आदि पीडित को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुईखदान लेकर आए। यहां उसकी स्थिति एवं गंभीरता को देखते हुए राजनांदगांव के लिए रिफर कर दिया गया। ऐसा बताया जा रहा है कि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। इस हृदय विदारक घटना में मृतक अपने पीछे एक पुत्र एवं तीन पुत्रियां छोड़ गए है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विकासखंड मुख्यालय छुईखदान से गंडई मार्ग पर 4 कि.मी. की दूरी पर स्थित ग्राम भोरमपुर निवासी श्रीराम वर्मा, पिता मेहतर राम वर्मा 52 वर्ष, सुबह साढ़े सात बजे जब अपने घरेलू उपयोग की फ्रिज से कुछ सामग्री निकालने के लिए दरवाजा खोला तब फ्रिज में से जोरदार धमाका हुआ। जिससे श्रीराम वर्मा के दोनों पैर लगभग मौके पर ही उखड़ गए और शरीर के अन्य अंगों को भी गंभीर चोटें आईं। लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल को तत्काल छुईखदान सामुदायिक स्वास्थय केंन्द्र लेकर आए, परन्तु प्रारंभिक इलाज के साथ ही मरीज को और अधिक उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया। परन्तु पता चला है कि, जिला मुख्यालय में पहुंचते ही घायल ने दम तोड़ दिया।
रातभर बंद था फ्रिज, सुबह ही किया था चालू
यद्यपि फ्रिज में धमाका होने के कारणो का सही सही पता नहीं चल पाया है, परंतु बताया जाता है कि, उक्त फ्रिज घर के किचन में ही रखा था। रात भर बंद भी था, जिसे सुबह- सुबह ही चालू किया गया था।
उक्त घटना सभी उपभोक्ताओं के लिए एक सीख है कि, घर में रखे सभी इलेक्ट्रानिक सामान जैसे फ्रिज, कूलर, एसी, गीजर आदि का समय समय पर संबंधित कंपनी आदि के माध्यम से जांच कराते हुए जांच की लिखित रिपोर्ट लेते रहे ताकि इस प्रकार की घटना किसी के साथ ना हो।
फ्रिज में ब्लास्ट होने के प्रमुख कारण
1. फ्रिज में ब्लास्ट का कोई एक फिक्स कारण नहीं होता। यह कई वजहों से हो सकता है। किसी भी फ्रिज में सिर्फ कंप्रेसर ही एक ऐसा पार्ट होता है जो कि ब्लास्ट कर सकता है। कई बार कंप्रेसर ओवरहीट की वजह से भी ब्लास्ट कर जाता है। इसलिए कई दिनों तक लगातार फ्रिज को ऑन नहीं रखना चाहिए।
2. कई बार इलेक्ट्रिकल पार्ट खराब होने की वजह से भी फ्रिज में ब्लास्ट हो जाता है। इसलिए अगर आप गर्मी के सीजन में फ्रिज इस्तेमाल कर रहे हैं तो एक बार प्लग, कंप्रेसर के ज्वाइंट आदि जैसे पार्ट को अच्छे से चेक कर लें।
3. कई सालों तक लगातार इस्तेमाल करने की वजह से फ्रिज का दरवाजा ठीक से बंद नहीं हो पाता। इसकी वजह से ठंडी हवा का रिसाव होने लगता है और इससे फ्रिज के अंदर के तापमान को बनाए रखने के लिए कंप्रेसर को अधिक काम करना पड़ता है जिससे वह ओवरहीट हो जाता है।
4. ज्यादातर घरों में देखा गया है कि फ्रिज को दीवार से एकदम सटाकर रख दिया जाता है। आप भूलकर भी ऐसी गलती न करें। कंप्रेसर के कॉइल एरिया के आस पास वेंटिलेशन न होने की वजह से भी कंप्रेसर गर्म होने लगता है।
5. वोल्टेज फ्लक्चुएशन की वजह से भी कंप्रेसर पर ज्यादा जोर पड़ता है। अगर आपके क्षेत्र में वोल्टेज फ्लक्चुएशन की समस्या है तो आपको फ्रिज के साथ एक अच्छे स्टैबलाइजर का इस्तेमाल करना चाहिए।
- Log in to post comments