बिलासपुर (खबरगली) पश्चिम एशिया में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब अरब देशों में बसे भारतीय परिवारों पर भी साफ दिखने लगा है। युद्ध की आशंका के बीच वहां रहने वाले लोगों की सलामती को लेकर भारत में उनके परिजन बेचैन हैं। शनिवार से ही व्हाट्सएप वीडियो कॉल, मैसेज और फोन कॉल के जरिए खैरियत पूछने का सिलसिला लगातार जारी है।
कई परिवार मंदिरों और घरों में पूजा-अर्चना कर हालात सामान्य होने की प्रार्थना कर रहे हैं। बिलासपुर के वैशाली नगर में रहने वाली नेहा झा अपने भाई से लगातार संपर्क में हैं, जो दुबई में एक मल्टीनेशनल कंपनी में नेशनल हेड के पद पर कार्यरत हैं। बीते एक दिन में नेहा ने बीसियों बार वीडियो कॉल और मैसेज कर भाई की सलामती की जानकारी ली।
नेहा झा ने बताया कि उनके भाई प्रशांत कुमार के अनुसार दुबई में हालात सामान्य नहीं हैं। ‘दुबई के इतिहास में पहली बार मिसाइल हमला देखने को मिला। जिस होटल में मिसाइल गिरी, वहां दो दिन बाद इफ्तार पार्टी में शामिल होना था। जिंदगी में पहली बार इतने करीब से मिसाइल गिरते देखा,’ उन्होंने बताया। अब तक 4-5 हमलों जैसी तेज आवाजें सुनाई दे चुकी हैं, जिससे लोग दहशत में हैं।
- Log in to post comments