मल्लिकार्जुन खड़गे के अध्यक्ष बनते ही CWC समेत कांग्रेस की ये इकाइयां भंग

New Congress President Mallikarjun Kharge, Sonia Gandhi, Election Officer Madhusudan Mistry, Rahul Gandhi, BJP, Khabargali

पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया खड़गे ने

सोनिया बोलीं- पद छोड़कर राहत मिली

नई दिल्ली (khabargali) कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेरे लिए आज का दिन काफी अहम है। मल्लिकार्जुन खड़गे आधिकारिक तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष बन गए हैं। एआईसीसी मुख्यालय दिल्ली में चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।

मल्लिकार्जुन खड़गे के अध्यक्ष बनते ही CWC समेत कांग्रेस की कार्य समिति भंग कर दी गई है। कांग्रेस कार्य समिति के सभी सदस्यों, महासचिव और प्रभारियों ने पार्टी के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर कहा है कि CWC के सदस्यों का चयन जल्द ही किया जाएगा। कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जल्द ही अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं।

अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले भाषण में खड़गे ने पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया। खड़गे ने कहा- उदयपुर अधिवेशन में पार्टी के 50 प्रश पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को दिए जाने के प्रस्ताव पर अमल किया जाएगा।

खड़गे ने आज कहा कि महात्मा गांधी, नेहरू, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, मौलाना आजाद, बाबू जगजीवन राम, इंदिरा और राजीव गांधी के नेतृत्व वाली महान राजनीतिक पार्टी की जिम्मेदारी को संभालना मेरे लिए सौभाग्य और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकर्ताओं की देखभाल करना मेरा परम कर्तव्य होगा।

भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर तंज कसते हुए खडग़े ने कहा- नया भारत बनाने के लिए वे कांग्रेस मुक्त भारत बनाना चाहते हैं, क्योंकि वे जानते हैं कि जब तक कांग्रेस मौजूद है, तब तक वे ऐसा नहीं कर सकते। हम ऐसा नहीं होने देंगे और इसके लिए लगातार लड़ाई जारी रखेंगे।

खडग़े ने कहा- आज मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है। आज एक मजदूर के बेटे और पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुनकर ये सम्मान देने के लिए मैं आप सबको हार्दिक धन्यवाद देता हूं।मैंने 1969 में एक ब्लॉक कमेटी प्रमुख के रूप में यह यात्रा शुरू की थी।

कांग्रेस झूठ और नफरत का दायरा तोड़ेगी। लोगों से अपील है कि वे पार्टी के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए साथ आएं। खडग़े ने कहा कि मैं जानता हूं कि यह कठिन समय है, कांग्रेस ने जिस लोकतंत्र की स्थापना की थी, उसे बदलने की कोशिश की जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद, इससे पूरे देश में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।

सोनिया बोलीं- पद की कमान सौंपी कर राहत मिली

इस मौके पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने कहा कि खडग़े को अध्यक्ष पद की कमान सौंपकर वे राहत महसूस कर रही हैं। उनके सिर से बड़ा बोझ उतर गया है। उन्होंने कहा- मैं नए पार्टी अध्यक्ष खडग़े जी को बधाई देती हूं। सबसे अधिक संतोष इस बात का है कि जिन्हें अध्यक्ष चुना है, वे एक अनुभवी और धरती से जुड़े हुए नेता हैं। एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में काम करते हुए अपनी मेहनत और समर्पण से इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं। सोनिया ने अपने कार्यकाल के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद भी दिया।