रायपुर (खबरगली) एनआईटी रायपुर के नए कैंपस में न्यूक्लियर टेक्नोलॉजी रिसर्च सेंटर विकसित करने की योजना है। इसके लिए नया रायपुर में मिली 205 एकड़ जमीन पर मेडिकल साइक्लोट्रॉन सुविधा स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। संस्थान इसके लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय से 200 से 250 करोड़ रुपए की फंडिंग लेने की तैयारी में है। इस सुविधा से कैंसर जांच में इस्तेमाल होने वाली पीईटी स्कैन की दवाइयां स्थानीय स्तर पर तैयार की जा सकेंगी।
फिलहाल इन्हें दिल्ली और मुंबई से मंगाना पड़ता है। इनकी सीमित समय तक प्रभावी रहने की वजह से परिवहन में देरी से परेशानी होती है। स्थानीय उत्पादन होने पर दवाइयों की कीमत 22-23 हजार रुपए से घटकर 10 हजार रुपए से कम होने की संभावना है। इससे छत्तीसगढ़ के दूसरे शहरों में भी पीईटी स्कैन और कैंसर उपचार सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
500 करोड़ के कैंपस प्रस्ताव को मंजूरी का इंतजार
एनआईटी रायपुर के नए कैंपस के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। यह प्रस्ताव शिक्षा मंत्रालय में एडवांस स्टेज पर है। संस्थान के अनुसार, नए कैंपस की प्लानिंग और डिजाइनिंग पूरी हो चुकी है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नई लैबोरेटरी, क्लासरूम, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं के निर्माण का काम शुरू किया जाएगा।
- Log in to post comments
