रायपुर (खबरगली ) कच्छ गुर्जर क्षत्रिय (मिस्त्री) समाज के सदस्य एवं एडवोकेट भूपेंद्र चन्द्रकांत भाई चावड़ा ने अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए निर्धारित क्रीमी लेयर की आय सीमा को वर्तमान 8 लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने 30 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को पत्र भेजकर अपनी मांग रखी है।
OBC क्रीमी लेयर सीमा 12 लाख करने की मांग
एडवोकेट भूपेंद्र चन्द्रकांत भाई चावड़ा ने अपनी शिकायत में कहा है कि OBC क्रीमी लेयर की आय सीमा लंबे समय से नहीं बढ़ाई गई है। उन्होंने सरकार से वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस सीमा में संशोधन करने की मांग की है। उन्होंने आयकर व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि वर्तमान में एक निश्चित सीमा तक आय पर आयकर देनदारी नहीं बनती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आयकर की व्यवस्था और OBC क्रीमी लेयर के नियम अलग-अलग विषय हैं, फिर भी आर्थिक परिस्थितियों में हुए बदलाव को देखते हुए OBC क्रीमी लेयर की सीमा पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
9 साल से OBC क्रीमी लेयर सीमा में नहीं हुआ बदलाव
भूपेंद्र चावड़ा के अनुसार OBC क्रीमी लेयर की आय सीमा समय-समय पर बढ़ाई जाती रही है, लेकिन 1 सितंबर 2017 को इसे 8 लाख रुपये किए जाने के बाद से अब तक इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
उन्होंने पूर्व में हुई बढ़ोतरी का क्रम भी बताया है
सितंबर 1993: 1 लाख रुपये, 9 मार्च 2004: 2.5 लाख रुपये,14 अक्टूबर 2008: 4.5 लाख रुपये,16 मई 2013: 6 लाख रुपये,1 सितंबर 2017: 8 लाख रुपये
उनका कहना है कि वर्ष 2017 के बाद करीब नौ वर्षों में महंगाई, आय और जीवन-यापन की लागत में बदलाव हुआ है। ऐसे में OBC क्रीमी लेयर की मौजूदा आय सीमा की समीक्षा आवश्यक है।
सामान्य जनता को मिल सकता है लाभ
एडवोकेट चावड़ा ने कहा कि OBC क्रीमी लेयर की सीमा बढ़ाने से ऐसे परिवारों को लाभ मिल सकता है, जो वर्तमान आय सीमा के कारण क्रीमी लेयर के दायरे में आ जाते हैं। उन्होंने सरकार से इस विषय पर व्यापक स्तर पर विचार कर उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि उनकी मांग किसी एक व्यक्ति या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका संबंध अन्य पिछड़ा वर्ग के व्यापक हित से है।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के बयान का भी उल्लेख
भूपेंद्र चावड़ा ने अपने पत्र में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के उस दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया है, जिसमें अन्य पिछड़ा वर्ग समाज के लिए सरकार द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लेकर धरातल पर काम किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि OBC क्रीमी लेयर की आय सीमा बढ़ाने की मांग पर भी केंद्र सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।
आम नागरिकों के काम पर ध्यान देने की जरूरत
उन्होंने वडा प्रधान के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक IAS अधिकारी को आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उनके हितों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उनके अनुसार प्रशासनिक व्यवस्था का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान करना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए।
भूपेंद्र चावड़ा ने प्रधानमंत्री कार्यालय से मांग की है कि OBC क्रीमी लेयर की 8 लाख रुपये की वर्तमान आय सीमा की समीक्षा कर इसे बढ़ाकर 12 लाख रुपये करने पर आवश्यक निर्णय लिया जाए।
- Log in to post comments
