रायपुर (खबरगली) राज्य सभा के लिए छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा के नाम पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने मुहर लगाई है। बता दें कि काफी विचार-विमर्श के बाद 7 नामों के पैनल में से 3 नामों को अंतिम रूप दिया गया था। इनमें लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी का नाम शामिल था। पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को टिकट दिया है।
लक्ष्मी वर्मा प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। वहीं, कांग्रेस ने अभी अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। मंगलवार की शाम दिल्ली के पार्टी के नेताओं की बैठक के बाद प्रत्याशी के नाम की घोषणा की जाएगी।
लक्ष्मी के नाम पर ऐसे लगी मुहर
बताया जाता है कि दावेदारों के शुरुआती पैनल में लक्ष्मी वर्मा, नारायण चंदेल, सरोज पांडेय, भूपेंद्र सवन्नी, किरण बघेल, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और निर्मल का नाम शामिल था। विचार-विमर्श के बाद तीन नाम शॉर्टलिस्ट किए गए थे। पार्टी के अदंर लंबे समय से इस बात की चर्चा चल रही थी कि, इस बार राज्यसभा के लिए संगठन और सामाजिक समीकरण के साथ ही मातृशक्ति को मौका दिया जाए।
पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया। लक्ष्मी वर्मा लंबे समय से पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता रही हैं और विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुकी हैं। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी लक्ष्मी वर्मा के नाम पर अपनी सहमति दी थी।
- Log in to post comments