रायपुर (खबरगली) रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में निर्मित प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलने के बाद ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने गोल बाजार की दुकानों में छापेमारी कर जांच शुरू की है। केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद यह क्रीम राजधानी के बाजारों में 300 से 550 रुपये तक में बेची जा रही थी। दुकानदार ग्राहकों को चेहरे का रंग गोरा करने का दावा कर यह क्रीम बेच रहे थे। वहीं, इस क्रीम में खतरनाक मात्रा में मरकरी यानी पारा होने की चेतावनी के चलते इसके इस्तेमाल से स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
गोल बाजार की दुकानों में ड्रग विभाग का छापा
पाकिस्तान में निर्मित गोरी क्रीम की बिक्री की सूचना मिलने के बाद ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने गोल बाजार स्थित दुकानों में पहुंचकर जांच की। विभाग अब इस बात का पता लगाने में जुटा है कि आयात पर प्रतिबंध के बावजूद यह क्रीम रायपुर के बाजारों तक कैसे पहुंची। टीम द्वारा क्रीम की आपूर्ति और इसके वितरण से जुड़े माध्यमों की पड़ताल की जा रही है। प्रतिबंधित उत्पाद की बिक्री के मामले में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि दुकानदारों को यह क्रीम कहां से उपलब्ध हो रही थी और इसकी सप्लाई किस माध्यम से की जा रही थी।
- Log in to post comments
