रायपुर (खबरगली ) राजधानी के श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और सेवा का एक अनूठा संगम होने जा रहा है। वृन्दावन धाम के सुप्रसिद्ध संत, परम गौभक्त और पुराण मर्मज्ञ पूज्य श्री कौशिक जी महाराज का एक दिवसीय प्रवास 14 मई को रायपुर में तय हुआ है।'
केवट चरित्र' पर होगी अमृत वर्षा
कार्यक्रम के संयोजक अजय भगत ने बताया कि गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आचार्य श्री के मुखारविंद से भक्ति, सेवा और समर्पण की अद्भुत कथा “केवट चरित्र” का आयोजन किया जाएगा। सुरभि जन जागरण सेवा समिति द्वारा आयोजित इस दिव्य कथा का समय सायं 5:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक निर्धारित है।
5 वर्षों से अन्न का त्याग, संकल्प सिर्फ गौ-सेवा
महाराज श्री का जीवन सेवा की मिसाल है। वे पिछले लगभग 1878 दिनों (5 वर्ष) से बिना अन्न ग्रहण किए निरंतर देश के विभिन्न कोनों में श्रीमद्भागवत, शिव पुराण और रामकथा के माध्यम से सनातन धर्म का प्रचार कर रहे हैं। उनका यह कठिन तप पूरी तरह से गौ-माता की सेवा के लिए समर्पित है।
अकल्पनीय गौ-सेवा का कीर्तिमान
महाराज श्री वर्तमान में वृन्दावन (उत्तर प्रदेश) में 'तुलसी तपोवन गौशाला' का संचालन कर रहे हैं, जहाँ लगभग 29,000 गौमाता की सेवा अत्यंत सुंदर व्यवस्था के साथ की जा रही है। इस सेवा प्रकल्प में प्रतिदिन लगभग 3 लाख रुपये का व्यय होता है, जो धर्मप्रेमी सनातनी भाई-बहनों के सहयोग से पूर्ण होता है। इसके साथ ही वे तुलसी गुरुकुल विद्यापीठ, नि:शुल्क चिकित्सालय और अन्न क्षेत्र जैसे सेवा कार्य भी चला रहे हैं।
माता कौशल्या की धरा पर बनेगा ऐतिहासिक संकल्प
संयोजक अजय भगत ने बताया कि महाराज श्री का आगामी संकल्प भारत के सनातनी इतिहास में अद्भुत और ऐतिहासिक साबित होगा। इस विराट आयोजन के जरिए माता कौशल्या की यह पावन धरा एक बार फिर गौरवशाली इतिहास में दर्ज होगी।समिति ने रायपुर के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने परिजनों और इष्ट मित्रों के साथ इस दिव्य कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करें।
- Log in to post comments