टारगेट नहीं, सुरक्षा है मकसद: रायपुर एडिशनल डीसीपी की अगुवाई में 8 जगहों पर चेकिंग, साल भर में 1400 'नशेडियों' को सिखाया सबक
रायपुर (खबरगली ) राजधानी की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने 'ड्रंक एंड ड्राइव' के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर यातायात थाना प्रभारी व यातायात पुलिस स्टॉफ के साथचलाए गए विशेष अभियान में 29 मार्च की रात 137 वाहन चालकों को शराब के नशे में पकड़ा गया। इन सभी के खिलाफ एमव्ही एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है और इन्हें 30 मार्च (सोमवार) को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह ज़ीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता
कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि लोगों में भ्रांति है कि पुलिस कोई टारगेट पूरा करने अभियान चलाती है, जबकि यातायात पुलिस का यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है, इस पर कार्रवाई जारी रहेगी।
जनवरी से अबतक लगभग 1400 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध हुई कार्रवाई
बता दें कि इस वर्ष जनवरी से अबतक लगभग 1400 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है, जिन्हें नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा गया।
आम नागरिकों से अपील
सभी वाहन चालकों व नागरिकों से कमिश्नरेट पुलिस ने अपील किया है कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभायें।
- Log in to post comments