'ड्रिंक एंड ड्राइव' : 20 मई की रात 61 चालक धरे गए
रायपुर (खबरगली ) राजधानी रायपुर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। विशेष चेकिंग अभियान के तहत 20 मई की रात 61 और इस साल अब तक कुल 3,252 नशेड़ी चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
20 मई की रात: 9 प्रमुख स्थानों पर चला अभियान
एडीसीपी (यातायात) श्री डी.आर. पोर्ते के नेतृत्व में 20 मई की रात शहर के 9 प्रमुख चौकों (तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भांठागांव, टाटीबंध, कालीबाड़ी, जय स्तंभ, भनपुरी और पंडरी थाना) पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे कुल 61 चालकों को पकड़ा गया, जिनमें शामिल हैं: कार: 32, मोटरसाइकिल: 15, टाटा एस: 8, ट्रक: 4, मेटाडोर: 2, जिनके विरुद्ध चालान की कार्यवाही कर उन्हें माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
सालभर का आंकड़ा: 3.25 करोड़ का जुर्माना
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस वर्ष अब तक पकड़े गए 3,252 नशेड़ी वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गई है। माननीय न्यायालय द्वारा प्रत्येक मामले में न्यूनतम 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस प्रकार, अब तक कुल ₹3,25,20,000 (तीन करोड़ पच्चीस लाख बीस हजार रुपये) का जुर्माना वसूला जा चुका है।
अभियान नागरिकों की सुरक्षा के लिए
पुलिस का यह विशेष अभियान सड़कों पर हादसों को रोकने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार जारी है। यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब के नशे में गाड़ी न चलाएं यातायात पुलिस का यह अभियान किसी लक्ष्य को लेकर नहीं अपितु केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं तथा अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है। यातायात पुलिस द्वारा शहर में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित की जा सके।
- Log in to post comments