संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का 'समरसता संकल्प अभियान', पूरे जिले में निकलेगी पवित्र कलश यात्रा

Sant Ravidas 650th birth anniversary Harmony Resolution Campaign BJP Raipur Ramesh Singh Thakur Kalash Yatra Raipur Varanasi Holy Kalash Vishnudev Sai BJP Chhattisgarh Sant Ravidas News, Khabargali

भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर बोले- संत रविदास का समरसता और समानता का संदेश घर-घर तक पहुंचाएंगे

रायपुर (खबरगली ) भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल से युक्त कलश पूरे प्रदेश के साथ रायपुर जिले के सभी मंडलों में भ्रमण करेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि यह अभियान समाज में समरसता, समानता, संवेदनशीलता और सामाजिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास केवल एक संत नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में मार्गदर्शन करते हैं। भाजपा उनके जीवन दर्शन और संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लेकर यह अभियान चला रही है।

4 अगस्त को रायपुर में होगा पवित्र कलश वितरण

कार्यक्रम रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि 4 अगस्त को राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पवित्र कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे पहले वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल कलश का पूजन श्रीराम मंदिर में पूज्य साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के साधु-संतों के साथ विभिन्न समाजों के प्रमुख भी शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रदेश के 36 संगठन जिलों के भाजपा जिला अध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे।

479 मंडलों तक पहुंचेगा संत रविदास का समरसता संदेश

भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि कलश वितरण के बाद प्रदेश के 479 मंडलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रायपुर जिले सहित सभी क्षेत्रों में कलश यात्रा निकाली जाएगी और संत गुरु रविदास के जीवन, उनके विचारों तथा सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली संत रविदास जयंती तक निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देंगे।

वाराणसी की पवित्र माटी से जुड़ेगा समरसता का अभियान

रमेश सिंह ठाकुर ने कहा कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश पूरे जिले में भ्रमण करेगा। इसका उद्देश्य संत रविदास के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में समरसता, सद्भाव एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से समाज को जोड़ने और संत रविदास के विचारों को व्यवहार में उतारने का प्रयास करेगी।

Category

Related Articles