भोजपुर (खबरगली) बिहार के भोजपुर जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की प्रेमी से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गई। यह घटना चांदी थाना क्षेत्र के बहियारा गांव की बताई जा रही है, जहां लड़की की इस हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया गया कि लड़की की मांग थी कि उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए, वरना वह नीचे नहीं उतरेगी। गांव वालों और परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह घंटों तक टावर पर बैठी रही। सूचना मिलने पर चांदी थानाध्यक्ष राकेश रौशन और महिला एसआई मधु कुमारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने धैर्य और मनोवैज्ञानिक तरीके से लड़की को भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लड़की सुरक्षित नीचे उतर आई। जानकारी के अनुसार वह चार दिन पहले भी घर से भागकर अपने प्रेमी के पास पहुंच गई थी, लेकिन परिजन उसे वापस ले आए थे। फिलहाल पुलिस ने लड़की को समझाइश देकर परिजनों के हवाले कर दिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
- Log in to post comments