बेमेतरा में भीषण बस हादसा, खंभे से टकराई बस, दो यात्रियों की मौत

 Major bus accident in Bemetara; bus hits a pole, two passengers killed hindi news bemetara news chhattisgarh news khabargali

बेमेतरा (खबरगली) बेमेतरा जिले में खराब सड़क के कारण भीषण बस हादसा होने का मामला सामने आया है। नांदघाट थाना क्षेत्र के कुंरा गांव में रायपुर से मुंगेली जा रही एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे में बस सवार दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना के बाद सड़क की बदहाल स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

सड़क के गड्ढे में उतरे पहिए खंभे से टकराई बस 

जानकारी के अनुसार, आरबीएस की निजी यात्री बस रायपुर से नांदघाट होते हुए मुंगेली के लिए रवाना हुई थी। बस जब कुंरा गांव के पास पहुंची, तब सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण चालक वाहन को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ा रहा था। इसी दौरान बस के पहिए सड़क के एक बड़े गड्ढे में उतर गए। इससे चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के कारण बस का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। हादसे में दो यात्रियों की मौत होने की जानकारी दी गई है।

आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल

हादसे के दौरान बस में बैठे यात्रियों को जोरदार झटका लगा। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक सवारियों के घायल होने की खबर है। इनमें कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की बात भी सामने आई है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान तथा उनकी चिकित्सकीय स्थिति का विस्तृत आधिकारिक विवरण उपलब्ध नहीं है। 

खाद्य मंत्री के गांव की सड़क बदहाल 

बताया जा रहा है कि कुंरा गांव छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयालदास बघेल का गृहग्राम है। इसके बावजूद गांव से गुजरने वाली मुख्य सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में बताई जा रही है। नांदघाट से मुंगेली जाने वाले इस प्रमुख मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब बताई जा रही है कि वाहन चालकों को सुरक्षित निकलने में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की जर्जर हालत दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का कारण बनी हुई है।


 

Category