रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राजधानी रायपुर व दुर्ग सहित 17 जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। वहीं कुल 37 आईएएस अफसरों का तबादला किया गया है। दुर्ग कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे अब राजधानी रायपुर में कलेक्टर की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार को बिलासपुर की कमान सौंपी गई। पुष्पेन्द्र कुमार मीणा दुर्ग जिले के नए कलेक्टर होंगे। 17 जिला कलेक्टरों को एक साथ ट्रांसफर कम देखने को मिलता है। छत्तीसगढ़ में इस साल का यह सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मंगलवार को आदेश जारी किया गया। दुर्ग, रायपुर व बिलासपुर के अलावा कोरबा कलेक्टर रानू साहू को रायगढ़ का कलेक्टर बना दिया गया है। सरगुजा कलेक्टर संजीव कुमार झा को कोरबा कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। यही नहीं राजनांदगांव के कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा का भी तबादला कर दिया गया। उन्हें जांजगीर-चांपा का कलेक्टर बनाया गया है। बलौदा बाजार जिले के कलेक्टर डोमन सिंह को राजनांदगांव का नया कलेक्टर बनाया गया है। दंतेवाड़ा कलेक्टर दीपक सोनी को कोंडागांव व जितेन्द्र कुमार शुक्ला को बेमेतरा का कलेक्टर बनाया गया। इसके अलावा बस्तर कलेक्टर रजत बंसल को बलोदाबाजार भाटापारा का कलेक्टर बनाया गया है।
तबादलों की पूरी सूची यहां देखें
- Log in to post comments