भारत जोड़ो यात्रा के बीच राहुल गांधी आज रात आ रहे हैं दिल्ली !

India Jodo Yatra, Rahul Gandhi, PFI, BJP, RSS, One Person One Post, Organization Election, Congress, Khabargali

राहुल की बड़ी बात -

1. कांग्रेस अध्यक्ष सिर्फ संगठन का पद नहीं एक सोच, नहीं लड़ूंगा चुनाव

2. कांग्रेस में होगा एक व्यक्ति का एक ही पद

3. पीएफआई के सदस्यों की गिरफ्तारी पर बोले - बीजेपी-आरएसएस नफरत फैला रही है

नई दिल्ली (khabargali) काँग्रेस के संगठन चुनाव में पल पल नए मोड़ आ रहे हैं जिससे लोगों में उत्सुकता बनी हुई है । इस बीच खबर आई है कि भारत जोड़ो यात्रा के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज रात दिल्ली पहुंच सकते हैं। बता दें कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी हो चुकी है। ऐसे में राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा के बीच दिल्ली आना बेहद अहम माना जा रहा है। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी से कोच्चि में मुलाकात की। गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं।

राहुल ने किया स्पष्ट, कांग्रेस में होगा एक व्यक्ति का एक ही पद

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी केरल पहुंचे हैं। गुरुवार को उन्होंने एर्नाकुलम में पत्रकारों से बात की। इस दौरान वह कांग्रेस के अध्यक्ष पद के सवाल पर खुलकर नहीं बोले। उन्होंने कहा कि समय आने पर पता चलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सिर्फ संगठन का पद नहीं एक सोच और विचारधारा है। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि, 'आप एक ऐतिहासिक स्थान ले रहे हैं। एक ऐसा स्थान जो भारत के एक विशेष दृष्टिकोण को परिभाषित करती है। कांग्रेस अध्यक्ष सिर्फ एक संगठनात्मक पद नहीं है बल्कि यह एक वैचारिक पद है। इसलिए मेरी सलाह है कि जो कोई भी कांग्रेस का अध्यक्ष बने, उसे यह याद रखना चाहिए कि वह एक विचारधारा, एक विश्वास प्रणाली और भारत की दृष्टि का प्रतिनिधित्व करेगा।' उन्होंने यह भी साफ किया कि कांग्रेस का अध्यक्ष एक व्यक्ति एक पोस्ट पर बनाया जाएगा।

हमारी लड़ाई 'मशीन' से

 राहुल गांधी ने कहा कि हम एक ऐसी मशीन से लड़ रहे हैं जिसने भारत के संस्थागत ढांचे पर कब्जा कर लिया है। लोगों पर दबाव बनाने और धमकाने के लिए उनके पास असीमित धन है। इसका परिणाम हमने गोवा में देखा है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान में दो-तीन चार बड़े उद्योगपति हैं जो सबकुछ कर सकते हैं। एयरपोर्ट चलाने से लेकर कृषि करने तक वही कर सकते हैं।

कांग्रेस वर्कर्स से ' सीधा लिंक'

कांग्रेस अध्यक्ष पद के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, 'कांग्रेस मेरा परिवार है। मेरी कांग्रेस वर्कर्स से बातचीत सीधे होती है, मीडिया के जरिए नहीं होता है। मेरा उनके साथ लिंक है। मैं उन्हें जो बताना होता है सीधे बता देता हूं। उन्होंने कहा कि मुझसे बार-बार यही सवाल किया जा रहा है।

'बीजेपी-आरएसएस फैला रही नफरत

गुरुवार को देशभर से हुई पीएफआई के सदस्यों की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी ने कहा कि कम्युनिजम और हिंसा किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं होनी चाहिए चाहे वह जिस स्तर से हो रही हो। उन्होंने कहा कि बीजेपी-आरएसएस नफरत फैला रही है। भारत की जनता इस बात को समझने लगी है।