जगदलपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में स्थित सुप्रसिद्ध दंतेश्वरी मंदिर में 23 जनवरी की रात चोरी की घटना हुई। शहर के बीचों-बीच स्थित इस मंदिर में चोरों ने पीछे के दरवाजे को तोड़कर माता रानी को समर्पित सोने के जेवर चोरी कर लिए।
मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर को बंद करके अपने घर चले गए थे। लेकिन 24 जनवरी की सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे, तो पीछे का दरवाजा टूटा हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने देखा कि माता रानी को समर्पित आभूषण गायब हैं।
मंदिर से चोरी की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया और चोरों की पतासाजी में जुट गई।
भक्तों के लिए मंदिर बंद
इस घटना के कारण मंदिर को बंद कर दिया गया, जिससे भक्तों को दर्शन नहीं मिल सके। पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना शहर में चर्चा का विषय बन गई है और जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।
पुलिस सभी संभावित सुरागों को एकत्र कर रही है। मंदिर में चोरी गए जेवरात की संपूर्ण सूची तैयार की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा और चोरी गए जेवर वापस लाए जाएंगे।
- Log in to post comments