रायपुर (khabargali) देशभर में महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार को महाशिवरात्रि पर मंदिर भोले बाबा के जयकारों से गूंज उठे। रायपुर के सभी मंदिर शिव भोले के रंग में रंगे नजर आ रहे थे। सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में तांता लगना शुरू हो गया। सुबह से लोग जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर भोले बाबा से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे थे। महाशिवरात्रि पर्व पर हटेकश्वर महादेव, बूढ़ेश्वर महोदव के साथ शहर के अलग-अलग शिवालयों में सुबह से शिवभक्तों की भी भीड़ देखी गई।
वहीँ गायत्री नगर स्थित श्री सिद्धिविनायक शिव साईं हनुमान मंदिर प्रांगण में भी महाशिवरात्रि की धूम रही।हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रातः 4:00 से शिव महा अभिषेक एवं दोपहर 12:00 से 4:00 बजे तक महा भंडारे का आयोजन किया गया। पंडित द्वय शिवानंद व उमाकांत शास्त्री ने शिव जी का विशेष श्रृंगार कर विधी विधान से पूजा सम्पन्न कराई। शाम से देर रात्रि तक भजन संध्या में भक्तों ने खूब आनंद लिया।
- Log in to post comments