छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने हितग्राहियों को किया प्रोत्साहित
ऋण अदायगी करने वाले दिव्यांग हितग्राहियों का सम्मान, स्वरोजगार के लिए नए आवेदकों को दिया मार्गदर्शन
जगदलपुर (खबरगली ) कलेक्ट्रेट सभागार "आस्था" में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया का अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल एवं समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती सुचिता मिंज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान निगम से ऋण प्राप्त कर समय पर ऋण की पूर्ण अदायगी करने वाले दिव्यांग हितग्राहियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य लाभार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। इसके साथ ही ऋण के लिए आवेदन करने वाले नए हितग्राहियों से उनके प्रस्तावित व्यवसाय की विस्तृत जानकारी ली गई। उन्हें स्वरोजगार शुरू करने, व्यवसाय संचालन, वित्तीय प्रबंधन तथा प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक संचालित कर सकें।
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती पारुल नवीन बोथरा, समाज कल्याण विभाग, बस्तर (जगदलपुर) के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना, समय पर ऋण अदायगी करने वाले हितग्राहियों का सम्मान करना तथा नए आवेदकों को सफल व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।
- Log in to post comments