खाद्य संचालनालय से अपर संचालक जायसवाल हटाए गए

Additional Director Jaiswal removed from Food Directorate, Raipur, Chhattisgarh, Khabargali,

रायपुर (खबरगली) पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन के कार्यकाल में 600 करोड़ रुपये के राशन घोटाले मामले में शासन ने खाद्य संचालनालय के अपर संचालक राजीव कुमार जायसवाल को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश जारी करते हुए उन्हें संयुक्त सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है। यह आदेश 18 अक्टूबर को सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया है।

उल्लेखनीय हैं कि कांग्रेस शासनकाल में हुए इस राशन घोटाले के मामले को पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने विधानसभा में उठाया है और इसमें संचालनालय के अधिकारी के शामिल होने की जानकारी दी थी। कांग्रेस शासनकाल में निष्पक्ष जांच न होने की आशंका में केंद्रीय खाद्य मंत्रालय को सप्रमाण पत्र भी लिखा था। इस मामले को उजागर न होने से बचाने के लिए अनेक तरीकों का इस्तेमाल किया गया जिसमें तेरह हजार राशन दुकानों के घोषणा पत्र गायब कर दिया गया जिसके चलते खाद्य विभाग सहित प्रदेश के तेरह हजार राशन दुकानदार हड़ताल पर चले गए थे।

करोड़ो के राशन बचत घोटाले को लेकर नई सरकार के बजट सत्र में सदन में जोरदार हंगामा हुआ था। इसके चलते राशन बचत घोटाले के लिए पूर्व खाद्य मंत्री पुन:लाल मोहिले के सभापतित्व में पांच सदस्यीय जांच समिति बैठा दी गई है। इस समिति के सामने विभाग के अधिकारियों ने मांग किया था कि राजीव कुमार जायसवाल के खाद्य संचालनालय में कार्य करते हुए निष्पक्ष जांच संभव नहीं है।

आज सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर राजीव कुमार जायसवाल को अपर संचालक खाद्य संचालनालय से हटा कर नीलिमा एल्मा को मंत्रालय से संचालनालय में अपर संचालक पदस्थ किया है। इस आदेश का हमर संगवारी के अध्यक्ष राकेश चौबे ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा है कि गरीबों के अनाज का घोटाला करने वाले अधिकारी के विरुद्ध प्रयाप्त प्रमाण है जिसके आधार पर गिरफ्तारी होना चाहिए।

Category