बेमेतरा (खबरगली) बेमेतरा जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक अनियंत्रित स्कूल बस की चपेट में आने से 3 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद चालक और कंडक्टर बस छोड़कर फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया है।
बस चालक की लापरवाही
पूरी घटना खंडसरा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंसापुर सेमरिया गांव की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीएवी (DAV) ग्राम जाता स्कूल की बस क्षेत्र में बच्चों को लेने पहुंची थी। इसी दौरान बस के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मासूम फाल्गुनी साहू को अपनी चपेट में ले लिया। मासूम बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चालक और कंडक्टर गिरफ्तार
हादसे की खबर मिलते ही खंडसरा चौकी पुलिस तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी गई है। बस को जब्त कर हादसे के सटीक कारणों और ड्राइवर की लापरवाही की जांच की जा रही है। वही बेमेतरा पुलिस ने आरोपी वाहन चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वाहन चालक का नाम हेमलाल पटेल निवासी ग्राम मोहतरा और कंडक्टर का नाम युवराज साहू निवासी ग्राम चमारी है।
- Log in to post comments
