रायपुर (खबरगली ) छत्तीसगढ़ राज्य पंचायत परिषद आगामी 24 अप्रैल को 'राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस' के गरिमामयी आयोजन की तैयारियों में जुट गई है। इसी कड़ी में परिषद के प्रदेश संयोजक श्री घनश्याम प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री से समय का अनुरोध
परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने कुनकुरी सदन में मुख्यमंत्री के निज सचिव श्री तुलसी कुमार कौशिक से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री जी से मुलाकात के लिए समय मांगा गया है, ताकि परिषद के सभी पदाधिकारी मिलकर उन्हें विधिवत आमंत्रित कर सकें।
उपमुख्यमंत्रियों की सहमति
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री श्री विजय शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात की। श्री शर्मा ने 24 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के प्रवास पर होने के कारण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ने की अपनी सहमति दी है। वहीं, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आश्वासन दिया है।
कैबिनेट मंत्रियों ने भी दी स्वीकृति
आमंत्रण का यह सिलसिला कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब (विधायक, आरंग) और मछुआ कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री लखन लाल धीवर तक भी पहुँचा। सभी जनप्रतिनिधियों ने पंचायती राज दिवस के महत्व को देखते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रदेश सलाहकार डॉ. उदयभान सिंह चौहान, सह-संयोजक बी.वी.एस. राजकुमार, रायपुर जिला संयोजक श्रीमती रोशना डेविड और मीडिया सह-प्रभारी नरेंद्र पांडे सहित परिषद के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। परिषद ने राज्य के समस्त मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को इस उत्सव का हिस्सा बनने हेतु सादर आमंत्रित किया है।
- Log in to post comments