बड़ी संख्या में पत्रकारों ने कराया आंखों का परीक्षण, निःशुल्क चश्मा, दवाइयां एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा
रायपुर (खबरगली ) पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सोमवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। रायपुर प्रेस क्लब एवं महावीर इंटरकांटिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO), रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में करीब 200 पत्रकारों एवं उनके परिवार के सदस्यों की आंखों की जांच की गई। शिविर में जांच के दौरान 9 लोगों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। संस्था की ओर से इन मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन जल्द कराने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं 4 लोगों में अन्य प्रकार की नेत्र संबंधी समस्याएं पाए जाने पर उन्हें अलग से आवश्यक जांच कराने की सलाह दी गई।
200 पत्रकार परिवारों की हुई निःशुल्क नेत्र जांच
महावीर इंटरकांटिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO) रायपुर द्वारा प्रेस क्लब मोतीबाग में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकार एवं उनके परिवारजन पहुंचे।
144 लोगों को मुफ्त चश्मा और दवाइयां
नेत्र परीक्षण के बाद आवश्यकता के अनुसार 144 लोगों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी आंखों की स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श भी दिया। शिविर में अत्याधुनिक वातानुकूलित (AC) आई केयर एम्बुलेंस के माध्यम से आंखों की जांच की गई। इसमें आधुनिक उपकरणों की मदद से दृष्टि संबंधी समस्याओं की जांच की गई और जरूरत के अनुसार आगे के उपचार की जानकारी दी गई।
9 मरीजों में मिला मोतियाबिंद, जल्द होगा मुफ्त ऑपरेशन
शिविर के दौरान जांच में 9 लोगों में मोतियाबिंद पाया गया। MISO की ओर से इन मरीजों के निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा 4 लोगों में अन्य नेत्र संबंधी समस्याएं सामने आईं, जिन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से आगे की जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी गई।
लोकेश कांवड़िया ने किया शिविर का निरीक्षण
छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त लोकेश कांवड़िया भी शिविर में पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों एवं उनके परिवारों से मुलाकात की और नेत्र जांच की सुविधा का लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने MISO की वातानुकूलित आई केयर एम्बुलेंस में उपलब्ध नेत्र जांच सुविधाओं का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने शिविर की सराहना करते हुए पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच की पहल के लिए आयोजकों का आभार जताया।
चिकित्सकों और नेत्र विशेषज्ञों ने दी सेवाएं
निःशुल्क नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ. सुशील सचदेवा, संजय शर्मा, डॉ. अनुराधा एवं डॉ. शिवम सहित चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं डॉ. राजेंद्र यादव (नेत्र सहायक अधिकारी), अमित गोस्वामी (सहायक नेत्र अधिकारी), दीपक साहू (नेत्र सहायक अधिकारी), रूपेश निर्मलकर (नेत्र सहायक अधिकारी) और प्रीति पैकरा (नेत्र सहायक अधिकारी) ने जांच एवं शिविर की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रेस क्लब पदाधिकारी और पत्रकार रहे मौजूद
शिविर में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा, प्रशांत शर्मा, ठाकुर राम साहू, जावेद खान, प्रमोद भट्ट, संदीप पुराणिक, संतोष साहू, जाकिर घुड़सेना, संजीव सिन्हा, मुकेश वर्मा, विनय घाडगे और प्रत्यूष शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं उनके परिवारजन मौजूद रहे।
पत्रकार परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवा की महत्वपूर्ण पहल
रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित इस निःशुल्क नेत्र जांच शिविर से पत्रकारों और उनके परिवारों को आंखों की जांच, चश्मा, दवाइयों और आवश्यक उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर मिली। शिविर में सामने आए मोतियाबिंद के मामलों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था किए जाने से जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार में भी राहत मिलेगी।
देखें शिविर की सफलता की तश्वीरें
- Log in to post comments
