भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार, कहा- एआई मिशन से युवाओं, छात्रों और सरकारी व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम
रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मिशन को मंजूरी दिए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे प्रदेश के डिजिटल विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य मंत्रिपरिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय राज्य में तकनीकी विकास, कौशल उन्नयन, सुशासन और डिजिटल अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक डिजिटल विकास के नाम पर केवल घोषणाएं होती रहीं, लेकिन भाजपा सरकार ने अब तकनीक को जमीन पर उतारने का काम शुरू कर दिया है। यह मिशन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी डिजिटल राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।
5 वर्षों में 500 करोड़ रुपये खर्च करेगी राज्य सरकार
रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वीकृत छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन अगले पांच वर्षों तक संचालित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मिशन का उद्देश्य केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे शहरों और कस्बों तक भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सुविधाएं और प्रशिक्षण पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक आधुनिक तकनीक का लाभ पहुंचाना है, जिससे शिक्षा, रोजगार और प्रशासनिक सेवाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
AI मिशन की प्रमुख विशेषताएं
भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताया कि मिशन के तहत कई महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं— राज्यभर में 100 अत्याधुनिक AI डेटा लैब की स्थापना। अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण। 300 से अधिक AI स्टार्टअप्स को आर्थिक और तकनीकी सहयोग। प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण। 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को AI आधारित कार्य प्रणाली का विशेष प्रशिक्षण। शासन-प्रशासन को अधिक पारदर्शी और तेज बनाने के लिए 50 से अधिक AI आधारित सेवाओं का विकास। उन्होंने कहा कि इन पहलों से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राज्य में तकनीकी निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
कांग्रेस पर भाजपा का हमला, तकनीक के नाम पर केवल दावे करने का आरोप
रमेश सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस वर्षों से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कम्प्यूटरीकरण के सपने का उल्लेख करती रही है, लेकिन सत्ता में लंबे समय तक रहने के बावजूद उस दिशा में ठोस कार्य नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तकनीकी विकास के नाम पर केवल घोषणाएं कीं, जबकि भाजपा सरकार ने योजनाओं को धरातल पर उतारकर डिजिटल परिवर्तन की दिशा में वास्तविक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सुशासन की नई कार्य संस्कृति स्थापित हो रही है।
इंडिया AI मिशन के अनुरूप आगे बढ़ेगा छत्तीसगढ़
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन भारत सरकार के इंडिया AI मिशन के अनुरूप तैयार किया गया है। इससे प्रदेश में नवाचार, डिजिटल गवर्नेंस, स्टार्टअप इकोसिस्टम और कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मिशन छत्तीसगढ़ को भविष्य की तकनीकों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी ने बताया कि भाजपा संगठन इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करता है और इसे प्रदेश के डिजिटल भविष्य की मजबूत नींव मानता है।
- Log in to post comments