देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू

Draupadi Murmu, the country's first tribal, second woman president, cross voting, New Delhi, Presidential election, NDA candidate, Republic of India, created history, Joint Opposition candidate Yashwant Sinha, Prime Minister, Lok Sabha Speaker, Narendra Modi, JP Nadda, ancestral village in Odisha, Mayurbhanj district, Rairangpur town, Khabargali

मुर्मू को मिले 64 फीसदी वोट, 17 सांसदों और 126 विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग

नई दिल्ली (khabargali) गुरुवार को देश में राष्‍ट्रपति चुनाव संपन्‍न हो गया जिसमें एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत हुई। स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने भारत गणराज्य की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति निर्वाचित होने का इतिहास रच दिया है। मुर्मू देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी।राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू ने संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से पीछे छोड़ते हुए बड़ी जीत हासिल की। वोटों की गिनती के तीसरे ही राउंड में उन्होंने जीत के लिए आवश्यक बहुमत का आंकड़ा आसानी से पार कर लिया। आंकड़ों से साफ है कि विपक्षी खेमे के करीब 17 सांसदों के अलावा बड़ी संख्या में विधायकों ने भी राजग प्रत्याशी के पक्ष में क्रास वोटिंग की।

जीत के लिए आवश्यक वोटों का आंकड़ा पार करते ही मुर्मू को बधाइयां देने का तांता लग गया। मुर्मू को जीत के लिए जरूरी 5 लाख 43 हजार 261 वोट तीसरे राउंड में ही मिल गए। थर्ड राउंड में उन्हें 5 लाख 77 हजार 777 वोट मिले। यशवंत सिन्हा 2 लाख 61 हजार 62 वोट ही जुटा सके। इसमें राज्यसभा और लोकसभा के सांसदों समेत 20 राज्यों के वोट शामिल हैं। बाकी के राज्यों की गिनती जारी है। द्रौपदी मुर्मू को मिले 64 फीसदी वोट, 17 सांसदों और 126 विधायकों ने की क्रॉस वोटिंग।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोकसभा स्पीकर ने भी दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जेपी नड्‌डा ने मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। PM मोदी ने मुर्मू को बधाई देते हुए कहा- भारत ने इतिहास लिखा है। जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, पूर्वी भारत के सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की बेटी को राष्ट्रपति चुना गया है। द्रौपदी मुर्मू को बधाई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी मुर्मू को बधाई दी। द्रौपदी मुर्मू की जीत की बधाई देने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके घर पहुंचे। मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी मौजूद थें।

यशवंत सिन्हा ने हार मानी, मुर्मू को दी बधाई

दूसरी तरफ, यशवंत सिन्हा ने भी हार स्वीकार की। उन्होंने कहा- द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। देश को उम्मीद है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।

फर्स्ट राउंड की गिनती

मुर्मू को 540 और सिन्हा को 208 सांसदों के वोट मिले राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल पीसी मोदी के मुताबिक, दोपहर 2 बजे सांसदों के वोटो की गिनती पूरी हुई। इसमें द्रौपदी मुर्मू को 540 वोट मिले। इनकी कुल वैल्यू 3 लाख 78 हजार है। यशवंत सिन्हा को 208 सांसदों के वोट मिले। इनकी वोट वैल्यू 1 लाख 45 हजार 600 है।

सेकेंड राउंड की गिनती

10 राज्यों में मुर्मू को 809, सिन्हा को 329 वोट मिले पहले 10 राज्यों की गिनती में भी मुर्मू और सिन्हा के बीच आंकड़ों का लंबा अंतर दिख रहा था। इन राज्यों में कुल 1138 वैलिड वोट थे, जिनकी वैल्यू 1 लाख 49 हजार 575 है। इनमें मुर्मू को 809 वोट मिले। इनकी वैल्यू 1 लाख 5 हजार 299 है। यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिलें, जिनकी कुल वैल्यू 44 हजार 276 है।

थर्ड राउंड की गिनती

 मुर्मू को 812 और यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले थर्ड राउंड के 10 राज्यों की गिनती में भी मुर्मू और सिन्हा के बीच वोट का बड़ा अंतर रहा। इन राज्यों में कुल 1,333 वैलिड वोट हैं, जिनकी वैल्यू 1 लाख 65 हजार 664 है। इनमें मुर्मू को 812 और सिन्हा को 521 वोट मिले। इन 10 राज्यों में कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओड़िशा और पंजाब के वोट शामिल हैं।

मुर्मू के गांव समेत देशभर में जीत का जश्न

NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद उनके ओडिशा स्थित पैतृक गांव और देश के बाकी हिस्सों में जश्न का माहौल है। लोग ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के जरिए जीत की खुशियां मना रहे हैं। ओडिशा के मयुरभंज जिले में रायरंगपुर कस्बे के मुर्मू के गांव और ससुराल में उनके चाहने वाले लड्‌डू बांटकर बधाई दी जा रही है।