पंजाब में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, नड्डा ने किया सीटों का बटवारा

Punjab, BJP, , seat-sharing, Chandigarh, assembly elections, Bharatiya Janata Party, JP Nadda, NDA alliance, Punjab Lok Congress, United Akali Dal Dhinsa, Captain Amarinder Singh, Prime Minister Narendra Modi, Pakistan Prime Minister Imran Khan, Navjot Sidhu, Nomination, Congress, Rana Gurjit Singh, Khabargali

चंडीगढ़ (khabargali) पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का एलान होना शुरू हो गया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ राजनीतिक नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को पंजाब की सीटों का बटवारा किया। पंजाब में बीजेपी 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

नड्डा ने कहा कि पंजाब में एनडीए गठबंधन जो हुआ है उसमें भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल-ढिंसा शामिल हैं। नड्डा ने कहा, "हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और 15 सीटों पर संयुक्त अकाली दल-ढिंसा चुनाव लड़ेंगे।" भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "हमारे लिए पंजाब एक बोर्डर स्टेट है और उसके साथ-साथ देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ राज्य है। देश की सुरक्षा के लिए पंजाब का मजबूत रहना और वहां एक मजबूत सरकार बनना देश और प्रदेश दोनों के लिए आवश्यक है।"

37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सीटों को बटवारा करते समय नड्डा ने कहा, "पंजाब बॉर्डर पर स्थित राज्य है, देश की सुरक्षा के लिए पंजाब में स्थिर और मजबूत सरकार बनना आवश्यक है। पाकिस्तान की हरकतें हमारे देश के लिए कैसी रही हैं, ये हमें मालूम है। हमने वहां पर देखा है कि ड्रग्स की औऱ हथियारों की स्मगलिंग का प्रयास वहां होता रहता है।"

ये चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का ही माध्यम नहीं है: नड्डा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश बहुत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। "इसको डीरेल करने का कुत्सित प्रयास, देशविरोधी ताकतें करती हैं। इस डीरेल में पंजाब के थ्रू एक्टीविटी हो ये देशविरोधी ताकतों की हमेशा मंशा रहती है।" उन्होंने कहा, "ये चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का ही माध्यम नहीं है, सरकार बदलना ही इस चुनाव का उद्देश्य नहीं है। ये चुनाव आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित करने के लिए और पंजाब को स्थिरता देने के लिए है। पंजाब सुरक्षित रहता है तो देश सुरक्षित रहता है।"

अमरिंदर सिंह का दावा- सिद्धू की कैबिनेट में लेने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने की थी सिफारिश

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने दावा किया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने नवजोत सिद्धू को मंत्री बनाने की सिफारिश की थी। उन्होंने कहा कि इमारन ने मेरे एक परिचित के जरिए सिफारिश भेजी थी। इसमें उन्होंने कहा था कि अगर आप अपनी सरकार में सिद्धू को ले सकते हो तो ले लो। अगर सिद्धू काम नहीं करेंगे तो कैबिनेट से निकाल देना।

कल से पंजाब में होगा नामांकन

पंजाब में 20 फरवरी को पहले चरण का मतदान होना है। इसके लिए कल यानी 25 जनवरी से एक फरवरी तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। चार फरवरी तक नाम वापसी का मौका होगा।

पंजाब के मंत्री ने की बगावत, कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ शुरू किया प्रचार

पंजाब के कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राणा गुरजीत सिंह ने सुल्तानपुर लोधी में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने यहां से नवतेज सिंह चीमा को उम्मीदवार बनाया है। राणा गुरजीत यहां से अपने बेटे राणा इंदर प्रताप सिंह के लिए टिकट मांग रहे थे। प्रत्याशी न बनाए जाने पर राणा इंदर ने निर्दलीय चुनाव में उतरने का फैसला कर लिया है। राणा ने दावा किया कि सुल्तानपुर लोधी सीट से उनके बेटे की जीत होगी। राणा गुरजीत ने रविवार को इंदर प्रताप के लिए विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले गांवों में चुनाव प्रचार किया।

कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामों पर होगी चर्चा

पंजाब और उत्तराखंड के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों पर आज फैसला होगा। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें पंजाब और उत्तराखंड की बची हुई सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा होगी।