रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज सुबह ED की टीम ने रायपुर और दुर्ग में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। रायपुर के पंडरी और रविनगर इलाके में जांच की जा रही है। वहीं, दुर्ग में कारोबारी के आवास सहित दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की सूचना है। जांच एजेंसी की टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है।
सुबह करीब 4 बजे रायपुर में पहुंची ED की टीम
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रायपुर में ED की टीम सुबह करीब 4 बजे दो गाड़ियों से पहुंची। टीम में छह अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कारोबी के घर पहुंचकर जांच शुरू की। सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार्रवाई ज्वेलरी कारोबार और जमीन के लेन-देन से जुड़े मामले के संबंध में हो सकती है। हालांकि, इन संभावित कारणों को लेकर ED की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
दुर्ग में कारोबारी गुलशन बघेल के आवास पर जांच
दुर्ग में भी ED की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी की टीम कारोबारी के ऋषभ ग्रीन सिटी स्थित आवास पर पहुंची। बताया जा रहा है कि वे यहां सातवीं मंजिल पर बने पेंटहाउस में रहते हैं।
कारोबारी एख कंपनी संचालित करते हैं और ट्रांसपोर्ट कारोबार से भी जुड़े हैं। ED के अधिकारी उनके ठिकाने पर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। हालांकि, इस कार्रवाई का आधार क्या है और किन आरोपों या संदिग्ध लेन-देन की जांच की जा रही है, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
ज्वेलरी और जमीन के लेन-देन से जुड़े मामले की चर्चा
रायपुर में कार्रवाई को लेकर ज्वेलरी कारोबार और जमीन के लेन-देन से जुड़े मामले की चर्चा है। दूसरी ओर, दुर्ग में कारोबारी के ठिकानों पर जांच जारी है। दोनों स्थानों पर की जा रही कार्रवाई के बीच कोई आधिकारिक संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि भी अभी नहीं हुई है। जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और मामले की प्रकृति को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
- Log in to post comments
