'भगवान महावीर जैन रिलीफ ट्रस्ट' की पहल पर मुख्यमंत्री ने लगाई मुहर
रायपुर (खबरगली )जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय 'भगवान महावीर जैन रिलीफ ट्रस्ट' की पहल पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बड़ी मुहर लगाई है। ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने कल रात्रि मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट कर नवा रायपुर की 'मेडी सिटी' में फिजियोथेरेपी सेंटर और अस्पताल निर्माण के लिए रियायती दर पर जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
सेवा कार्यों से प्रभावित हुए मुख्यमंत्री
मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री अशोक पगारिया और वरिष्ठ समाजसेवी श्री संतोष बैद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संस्था द्वारा किए जा रहे मानवीय कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि: ट्रस्ट द्वारा अब तक आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के 1,32,000 डायलिसिस मात्र 450 रुपये में एमएमआई (MMI) अस्पताल में कराए गए हैं। अरविंदो नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से 850 मोतियाबिंद ऑपरेशन पूर्णतः निःशुल्क संपन्न हुए हैं।
शीघ्र कार्यवाही के निर्देश
संस्था के सेवा भाव की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेडी सिटी में ट्रस्ट की आवश्यकतानुसार जमीन आबंटन हेतु शीघ्र उचित कार्यवाही की जाए। उन्होंने संस्था को भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। मुलाकात में ये रहे शामिल* इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान अध्यक्ष अशोक पगारिया, सचिव अशोक सेठिया, वरिष्ठ समाजसेवी संतोष बैद, अनिल लोढ़ा, योगेश पगारिया, शांतिलाल बैद, पारस पारख और जय सांखला प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
- Log in to post comments