3 लाख 55 हजार मजदूरों को उनका धन हम वापस कर रहे हैं .
हिंदुस्तान की तरक्की गरीब, मजदूर, किसानों की देन है : राहुल गांधी
रायपुर (khabargali) राजधानी रायपुर के साईंस कॉलेज मैदान में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ करने आए सांसद राहुल गांधी अपने संबोधन में आज केन्द्र सरकार पर जमकर बरसे । उन्होने कहा कि कल मैंने लोकसभा में कहा कि हिंदुस्तान के सामने 2 से 3 बड़ी चुनौतियां है। सबसे पहला भयंकर खतरा आज एक देश को दो देशों में बांटा जा रहा है। देश के भीतर दो नए देश बनाए जा रहे हैं। एक देश कुछ सौ अरबपतियों का जिसमें धन और तकनीक है, दूसरा देश जिसमें हमारे प्यारे देश वासियों का है, करोड़ो लोगों का, गरीबों का देश है।
राहुल गांधी ने कहा कि वो सोचते हैं कि हिंदुस्तान का गरीब डरता है, पर हिंदुस्तान का गरीब किसी से नहीं डरता। जो ये बात कहते हैं 70 साल में क्या हुआ है ये हमारे किसानों का, मजदूरों का, कारीगरों का अपमान करते हैं। हिंदुस्तान की तरक्की गरीब, मजदूर, किसानों की देन है।
राहुल गांधी ने कहा कि ये देश एक गुलदस्ता जैसा है। इसमें अलग-अलग विचार, भाषा, संस्कृति है। अगर हम कहें कि यहां एक विचारधारा और संस्कृति रहे तो यह गलत है। भाजपा चाहती है कि एक विचारधारा की संस्कृति, इतिहास लाद दें। यह कभी नहीं हो सकता। यहां अलग-अलग सोच के बावजूद भाईचारा की भावना को ही हिंदुस्तान कहते हैं। भाजपा इसी पर हमला कर रही है। हम इस हमले का विरोध करेंगे। इन्होंने देश में नफरत फैला दी। एक प्रदेश को दूसरे प्रदेश से, एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं। चीन की सेना लद्दाख में इसलिए घुस पाई की प्रधानमंत्री ने कहा कि कोई नहीं आया।
राहुल गांधी ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में बहुत बड़ा कदम उठाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में हमने वादा किया था किसानों को 2500 रुपये मिलेगा हमने कर के दिखाया। ये पहला कदम है, ये मत सोचिए कि बात यही अटक जाएगी। हमने चुनाव के समय बात की थी कि किसान के साथ हमारे मजदूर भी काम करते हैं अगर किसानों की बात करते हैं तो मजदूरों की भी मदद करनी होगी। छग के गरीबों के लिए ये बड़ा कदम है, ये आपका धन है आपको वापस दे रहे हैं। आपका धन है ये धन हम आपको वापस कर रहे हैं। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना से 3 लाख 55 हजार मजदूरों को सीधा फायदा होगा, उनके कन्धे का बोझ थोड़ा कम होगा। बातों ही बातों में उन्होने राशि को बढ़ाने की बात भी कह दी।
- Log in to post comments