
तीन-चार महीने पड़ेगी भीषण गर्मी
नई दिल्ली (khabargali) हर वर्ष बढ़ते तापमान का रिकॉर्ड टूटता जा रहा है। इस साल फरवरी भारत के पिछले 122 साल के इतिहास में सबसे गर्म रहा। साल 1901 से तापमान के आंकड़े दर्ज कर रहे भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को यह घोषणा की। इसे देखते हुए आशंका भी जताई कि मार्च से ही तेज गर्मी शुरू हो सकती है और नागरिकों को अगले तीन-चार महीने भीषण गर्मी में गुजारने पड़ सकते हैं।
देश के 85% हिस्से में बारिश नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक साल 2023 के शुरुआत दो महीनों में देश के करीब 85 फीसदी हिस्से में एक भी बूंद बारिश नहीं हुई है। इसमें देश के कुल 264 जिले ऐसे हैं जहां पिछले दो महीने में बारिश एक बूंद तक नहीं गिरी। विभाग ने बताया कि फरवरी 2022 का औसत अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.73 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 0.81 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ। अगले कुछ महीनों के लिए कहा कि मार्च से मई तक उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और मध्य भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, ऐसी संभावना काफी है। यह भी संभावना है कि अगले तीन महीने मध्य और उत्तर पश्चिमी भारत के कई क्षेत्रों में ज्यादा लू चलेगी।
रायपुर जिले में फरवरी ऐसा रहा
रायपुर जिले की बात करें, तो फरवरी सामान्य से काफी गर्म रहा। महीने के 28 दिनों में रात का औसत तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री और दिन का औसत तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री ज्यादा रहा। सबसे गर्म रात 27 फरवरी की रात थी, जब पारा 20.7 डिग्री से नीचे ही नहीं गया। सबसे गर्म दिन 21 और 22 फरवरी का था, जब रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया।
रात का तापमान और बढ़ेगा
सबसे अहम है कि देश के अधिकतर हिस्सों में मार्च में रात का तापमान बढ़ेगा। इससे औसत न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो सकती है। केवल दक्षिणी प्रायद्वीप में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
मार्च में ग्रीष्म ऋतु, चलेगी लू
मार्च आमतौर पर गर्मी से पहले का महीना कहा जाता है। लेकिन विभाग ने कहा कि इस बार देश के अधिकतर हिस्सों में मार्च से ही अधिकतम और न्यूनतम, दोनों तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हो सकते हैं। यह भी आशंका है कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में मार्च से ही लू चल सकती है। विभाग के अनुसार मार्च में औसतन 83 से 117 प्रतिशत तक बारिश भी हो सकती है।
- Log in to post comments